Middle East में जंग की आग अब और भड़क गई है। इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हालिया हमलों के बाद ईरान ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्णायक युद्ध का बिगुल फूंक दिया है। ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अब रुकने वाला नहीं है और हमलावरों को उनके किए पर पछताने के लिए मजबूर कर देगा।
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के जवाब में तेहरान ने ‘आर-पार’ की जंग का ऐलान करते हुए भीषण जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने शनिवार को खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर एक के बाद एक कई बैलेस्टिक मिसाइलें दागकर पूरे क्षेत्र में हाहाकार मचा दिया है।
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने केवल इजरायल ही नहीं, बल्कि उन देशों को भी निशाना बनाया है जहाँ अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी और पर्यटन केंद्र दुबई में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से एक एशियाई नागरिक की मौत की खबर है।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भी मिसाइलें इंटरसेप्ट की गई हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। कतर के आसमान में भी ईरानी मिसाइलें देखी गईं, जिन्हें डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट करने का दावा किया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने मध्य पूर्व में स्थित अमेरिका के 7 प्रमुख सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है। इनमें शामिल हैं:
-
बहरीन: अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े (5th Fleet) का मुख्यालय।
-
कतर: अल-उदेद एयर बेस (Al-Udeid Air Base)।
-
UAE: अल-धफरा एयर बेस (Al-Dhafra Air Base)।
-
कुवैत: अली अल-सलेम एयर बेस। इसके अलावा जॉर्डन और इराक में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर भी हमलों की खबर है।
ईरानी विदेश मंत्रालय ने इस हमले को ‘ऑपरेशन ट्रुथफुल प्रॉमिस 4′ का नाम देते हुए कहा कि यह आत्मरक्षा का हमारा कानूनी अधिकार है। सेना के प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेखरची ने चेतावनी दी है कि हमने पहले ही आगाह किया था कि जो भी देश इजरायल या अमेरिका को हमारे खिलाफ जमीन देगा, वह हमारे निशाने पर होगा। अब पीछे हटने का वक्त खत्म हो चुका है, हम हमलावरों को ऐतिहासिक सबक सिखाएंगे।
इस भीषण तनाव के बीच UAE, कतर, बहरीन और कुवैत ने अपना एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) बंद कर दिया है। दुबई और दोहा जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। भारत समेत कई देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।

















