शराब को मजाक या कॉम्पिटिशन समझना बहुत खतरनाक है। एक बार में इतनी शराब पीने से दिल की धड़कन रुक सकती है, सांस लेना मुश्किल हो सकता है और मौत भी हो सकती है। खासकर युवाओं में ऐसे पीने की चैलेंज का चलन बढ़ रहा है, जो जान ले लेता है।
ताजा मामला आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले की है। जहां संक्रांति के त्योहार के दौरान एक बहुत दुखद घटना हुई है। दो युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मौत हो गई, सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने बहुत ज्यादा शराब पी ली।
ये दोनों लड़के अपने गांव बांदावड्डीपल्ले (कंबमवरीपल्ली मंडल) में संक्रांति की छुट्टियों में आए थे। एक का नाम मणिकुमार था, जो चेन्नई में काम करता था। दूसरा पुष्पराज था, जो बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। दोनों ने अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के बाहर एक पहाड़ी पर जाकर पार्टी की। वहां उन्होंने बीयर पीने की होड़ लगा ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मिलकर 19 बीयर पी लीं। इतनी ज्यादा शराब पीने से उनका शरीर बर्दाश्त नहीं कर पाया। वे बेहोश हो गए। दोस्तों ने उन्हें जल्दी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का मुख्य कारण बहुत ज्यादा शराब पीना और शरीर में पानी की कमी (dehydration) बताया जा रहा है।
मणिकुमार की पत्नी और छोटा बेटा है। पुष्पराज अविवाहित था। पूरा गांव सदमे में है। त्योहार का मजा दुख में बदल गया। पुलिस ने केस दर्ज किया है और जांच कर रही है कि शराब मिलावटी तो नहीं थी या कोई और वजह।



























