कहते हैं कि शक का कोई इलाज नहीं होता, लेकिन जब यह शक सनक बन जाए तो अंजाम रूह कंपा देने वाला होता है। संतकबीर नगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में रह रही एक आर्केस्ट्रा डांसर की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 11 मार्च की शाम मोहद्दीपुर के पास मैलानी नहर की पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवती का शव मिला। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को इस ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी।
पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आसपास के जिलों के डीजे और आर्केस्ट्रा संचालकों से संपर्क साधा। 13 मार्च को सफलता हाथ लगी और शव की पहचान बस्ती जिले की 22 वर्षीय सुमन गौड़ के रूप में हुई। सुमन की मां ने बताया कि वह पिछले 2 साल से डांसर के तौर पर काम कर रही थी और 5 मार्च को खलीलाबाद प्रोग्राम में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सुमन की हत्या गला दबाकर की गई है।
पुलिस की जांच जब सुमन के करीबियों तक पहुंची, तो शक की सुई उसके प्रेमी बबलू चौहान (निवासी बिहार) पर जा टिकी। पुलिस ने घेराबंदी कर बबलू को गिरफ्तार किया, जिसके बाद जो कहानी सामने आई उसने सबको चौंका दिया।
आरोपी और सुमन पिछले 8 महीनों से बनकटिया के पास किराए के कमरे में साथ रह रहे थे। बबलू को शक था कि सुमन फोन पर किसी और से बात करती है। शक की इसी आग में बबलू ने सुमन को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। बबलू को शक था कि सुमन किसी और के संपर्क में है। इसी सनक में उसने सुनसान जगह देखकर वारदात को अंजाम दिया और शव नहर में फेंक दिया।
7 मार्च की भोर में जब दोनों एक तिलक समारोह से बाइक से लौट रहे थे, तभी मोहद्दीनपुर नहर पुलिया के पास सुनसान जगह देख बबलू ने बाइक रोक दी। उसने पहले सुमन का गला दबाया और जब वह गिर गई, तो बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए अपने पैर से उसका गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का हैंडबैग, आधार कार्ड, जेवर, मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। एसपी संदीप कुमार मीना ने इस गुत्थी को सुलझाने वाली टीम के लिए 25,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। आरोपी अब सलाखों के पीछे है।















