यह कहानी किसी फिल्मी ड्रामा से कम नहीं है, जहाँ एक तरफ निकाह की जिद थी और दूसरी तरफ 100 फीट ऊँचा मोबाइल टावर। आइए आपको हम मिर्जापुर शहर के कोतवाली क्षेत्र में घटी घटना की दिलचस्प कहानी बताते हैं।
मिर्जापुर की गलियों में अक्सर पीतल के बर्तनों की खनक सुनाई देती है, लेकिन उस दिन हवाओं में कुछ और ही शोर था। यह शोर था जुनैद की जिद का, जिसे अब अपनी जिंदगी के अकेलेपन से ज्यादा अपने ‘अब्बा जान’ की खामोशी खलने लगी थी।
25 साल की उम्र, कंधे पर जिम्मेदारियों का बोझ और दिल में निकाह के अरमान—जुनैद की बस यही कहानी थी। उस दोपहर घर में बात छिड़ी, बहस बढ़ी और देखते ही देखते जुनैद अपने बड़े भाई जुबेर से भिड़ गया। शोर सुनकर अब्बा निजामुद्दीन आए, लेकिन उन्होंने दुलार के बजाय जुनैद के गाल पर एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
वह थप्पड़ सिर्फ गाल पर नहीं, जुनैद के ‘अहम’ पर लगा था। गुस्से में तमतमाया जुनैद घर से निकला और सीधा ‘दुल्हन पैलेस’ के पास लगे 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ने लगा।
नीचे भीड़ जमा हो गई, गर्दनें ऊपर की ओर तन गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच चुकी थीं। टावर की ऊंचाई से जुनैद ने अपना ‘दर्द-ए-दिल’ बयां करना शुरू किया। “अब्बा ने तीन शादियां कीं, अम्मी ने दो… और मैं 25 का हो गया पर मेरी एक भी नहीं! घर का सारा काम मैं करता हूं, पर इज्जत कोई नहीं देता।” यह महज एक युवक का गुस्सा नहीं था, बल्कि बरसों की उपेक्षा का गुब्बारा था जो मोबाइल टावर के सिग्नल की तरह हवा में तैर रहा था।
करीब दो घंटे तक मिर्जापुर की सड़क पर मजमा लगा रहा। नीचे से अब्बा चिल्ला रहे थे, “बेटा नीचे उतर आ, तेरी हर ख्वाहिश पूरी करेंगे!” पुलिस वाले उसे समझा रहे थे और जुनैद ऊपर से अपनी शर्तों की फेहरिस्त गिना रहा था। जब पुलिस ने जुनैद के परिजनों से सार्वजनिक रूप से शादी कराने का आश्वासन दिलाया, तब जाकर साहबजादे का गुस्सा ठंडा हुआ और वह धीरे-धीरे नीचे उतरा।
जुनैद नीचे तो आ गया, लेकिन कहानी में एक ट्विस्ट अभी बाकी था। टावर से उतरते ही पुलिस ने जब जुनैद का रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि वह कटरा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे हिदायत देकर उसके परिचितों को सौंप तो दिया, लेकिन पूरे इलाके में यह चर्चा फैल गई कि निकाह की ऐसी जिद शायद ही पहले कभी देखी गई हो। जहाँ एक तरफ जुनैद को अपनी शादी की फिक्र थी, वहीं पुलिस अब उस ‘हिस्ट्रीशीटर’ की फाइलों को नए सिरे से देख रही है।




















