बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही का नया गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ इन दिनों चर्चाओं से ज्यादा विवादों में घिरा हुआ है। सोशल मीडिया पर जितनी तेजी से यह गाना वायरल हुआ, उतनी ही रफ्तार से इस पर विरोध की लहर भी उठी। अब इस मामले में केंद्र सरकार ने सीधा दखल दिया है। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को इस गाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और इसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश दिया है।
इस विवाद ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है। लोकसभा में समाजवादी पार्टी के नेता आनंद भदौरिया द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि गाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मंत्री ने सदन में कहा हमें अभिव्यक्ति की आजादी (Freedom of Speech) है, लेकिन इसका उपयोग जिम्मेदारी से होना चाहिए। यह आजादी असीमित नहीं हो सकती; इसे समाज की मर्यादा और हमारी संस्कृति के दायरे में होना चाहिए।
फिल्म ‘KD: The Devil’ के इस गाने को लेकर मुख्य आपत्ति इसके लिरिक्स (बोल) और फिल्मांकन पर है। आलोचकों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि गाने के बोल अत्यधिक अश्लील और ‘डबल मीनिंग’ वाले हैं।
गाने का प्रजेंटेशन बेहद फूहड़ और उत्तेजक है। विवाद बढ़ता देख यूट्यूब से इसका हिंदी वर्जन हटा लिया गया है, हालांकि कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन अभी भी उपलब्ध हैं जिन्हें हटाने की प्रक्रिया जारी है।
इस गाने ने फिल्म इंडस्ट्री को दो धड़ों में बांट दिया है। जहाँ एक ओर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने गाने पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग करते हुए कहा है कि ऐसे कंटेंट से समाज में नकारात्मकता फैलती है, वहीं फिल्म के पक्ष में भी आवाजें उठ रही हैं।
फिल्म के डायरेक्टर प्रेम की पत्नी और अभिनेत्री रक्षिता ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई का विरोध किया है। उन्होंने पुराने गानों का हवाला देते हुए सवाल पूछा— “जब ‘चोली के पीछे क्या है’ जैसे गाने बन सकते हैं, तो ‘सरके चुनर’ पर इतनी आपत्ति क्यों?”
यह फिल्म एक बड़े स्तर का पैन इंडिया प्रोजेक्ट है, जो मूल रूप से कन्नड़ भाषा में बनी है।
-
निर्देशक: प्रेम (जिन्होंने गाने के मूल बोल लिखे हैं)।
-
हिंदी अनुवाद: रकीब आलम।
-
रिलीज डेट: 30 अप्रैल 2026 (पूरे देश में)।
बॉलीवुड में ‘डबल मीनिंग’ गानों का इतिहास काफी पुराना रहा है, लेकिन ‘सरके चुनर’ पर सरकार की इस त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब डिजिटल कंटेंट पर अश्लीलता को लेकर सेंसरशिप और सख्त होने वाली है।















