उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर अतीक अहमद के नाम पर उबाल आ गया है। पूर्व विधायक राजू पाल की पत्नी और विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनसे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। पूजा पाल ने अतीक अहमद को समाजवादी पार्टी का ‘सबसे बड़ा फाइनेंसर’ करार दिया है।
पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का ‘धुरंधर मुख्यमंत्री’ बताया। उन्होंने दो टूक कहा है कि अगर आज यूपी में अखिलेश यादव की सरकार होती, तो मेरी हत्या अब तक हो चुकी होती। आज अगर मैं जिंदा हूँ, तो उसकी इकलौते वजह सीएम योगी आदित्यनाथ हैं, जिन्होंने अतीक और मुख्तार जैसे माफियाओं के साम्राज्य को मिट्टी में मिला दिया।
सपा नेता रामगोपाल यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने सपा सरकार आने पर अतीक की हत्या का बदला लेने की बात कही थी, पूजा पाल ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि रामगोपाल के मुंह से निकलने वाले शब्द असल में अखिलेश यादव के विचार हैं।
पूजा पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के संरक्षण में अतीक अहमद ने दीमक की तरह देश को खोखला किया। अतीक और उसके लोग नकली नोटों का कारोबार कर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे थे और सपा को सब पता था। अतीक ने हजारों युवाओं को नशे की लत लगाकर उनकी जिंदगी तबाह की।
पूजा पाल ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी के लिए पैसों का इंतजाम करता था। उन्होंने कहा, “अतीक के रूप में सपा का सबसे बड़ा फाइनेंसर मारा गया है, इसीलिए अखिलेश यादव और उनकी पार्टी बौखलाई हुई है। अतीक की मौत से अखिलेश असंतुष्ट हैं, इसीलिए बदला लेने की बात की जा रही है।”
पूजा पाल के इस बयान ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में माफियाओं के खात्मे और राजनीतिक संरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी और सपा के बीच जंग और तेज होने वाली है।















