मशहूर बॉलीवुड सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हरियाणा पुलिस ने उनके हालिया रिलीज हुए विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का यह सख्त कदम गायक को देश छोड़कर भागने से रोकने और जांच में शामिल करने के लिए उठाया गया है।
साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में दर्ज FIR के तहत बादशाह पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और ‘महिलाओं का अश्लील प्रतिनिधित्व (निषेध) अधिनियम, 1986’ की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वीडियो में निम्नलिखित गंभीर आपत्तियां जताई हैं।
वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते और पढ़ाई से दूर भागते दिखाया गया है। गाने में ‘बादशाला’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर स्कूल के माहौल को खराब करने का आरोप है। महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग पाया गया है।
पुलिस केवल गाने के बोलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके फिल्मांकन की भी गहराई से जांच कर रही है। वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस दिखाई गई है। पुलिस जाँच कर रही है कि इसके लिए परिवहन विभाग से परमिशन ली गई थी या नहीं।
शूटिंग के लिए स्कूल परिसर के इस्तेमाल पर भी सवालिया निशान हैं। यदि बिना अनुमति शूटिंग पाई गई, तो धारा 120-बी (साजिश) के तहत कार्रवाई होगी। पंचकूला पुलिस की मुस्तैदी के चलते बादशाह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से इस विवादित गाने को टेकडाउन (हटा) दिया गया है। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और रील्स बनाने वालों को भी सख्त चेतावनी दी गई है।
आरोपी को पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस थमा दिया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। लुकआउट नोटिस इसलिए जारी किया जा रहा है ताकि वह विदेश न जा सकें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस गाने से संबंधित रील्स या शॉर्ट वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

















