लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुहम्मदाबाद निवासी शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात असानी मोड़ के पास उस समय हुई जब वह लखनऊ की ओर से वापस लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही बॉबी मौके पर पहुंचा, उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। बॉबी के चेहरे पर भी गोली लगने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार 32 बोर के असलहे का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक का नाम पूर्व माफिया और बाहुबली नेता Mukhtar Ansari से जुड़ा बताया जा रहा है। शोएब उर्फ बॉबी को अंसारी गिरोह का करीबी माना जाता था। उसका नाम लखनऊ जेलर आर.के. तिवारी हत्याकांड में भी सामने आया था। हालांकि उस मामले में उसकी भूमिका को लेकर पहले भी जांच हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
शुरुआती तौर पर इसे आपसी गैंगवार या पुरानी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।





















