देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कुर्ला इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महंगाई के इस दौर में अब लोगों का धैर्य इस कदर जवाब दे रहा है कि महज 10 रुपये के लिए लोग एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हैं। कुर्ला के वी.बी. नगर थाना क्षेत्र में धनिये की कीमत को लेकर हुए मामूली विवाद में एक सब्जी विक्रेता ने अपने ग्राहक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक स्थानीय निवासी सब्जी खरीदने के लिए श्रीनिवास कांबले नामक दुकानदार के स्टॉल पर पहुंचा। दुकानदार ने धनिये की एक गड्डी की कीमत 20 रुपये बताई। ग्राहक ने इसे महंगा बताते हुए 10 रुपये देने की बात कही। ग्राहक का कहना था कि वह इसी इलाके का निवासी है और उसे बाजार भाव (Local Rate) की पूरी जानकारी है। दुकानदार अपनी कीमत पर अड़ा रहा और ग्राहक अपनी जिद पर। धीरे-धीरे दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हिंसक मोड़ ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि दुकानदार श्रीनिवास कांबले आपा खो बैठा। उसने आव देखा न ताव, सब्जी काटने वाला धारदार चाकू उठाया और ग्राहक के सिर पर दे मारा। लहूलुहान हालत में ग्राहक वहीं सड़क पर गिर पड़ा, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और पुलिस को सूचना दी।
घायल ग्राहक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। वी.बी. नगर पुलिस ने पीड़ित के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी श्रीनिवास कांबले के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस की टीमें आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हैं।


















