महाराष्ट्र में मुंबई समेत 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। मुंबई के अलावा जिन नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं उनमें- ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगाव, अहिल्यानगर, जलगाव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद ठाकरे बंधुओं के लिए ये चुनाव एक बड़ी अग्निपरीक्षा है, जिससे यह तय होगा कि मुंबई और राज्य में उनका राजनीतिक प्रभाव अब भी कायम है या नहीं। मतगणना 16 जनवरी को होगी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 227 वार्डों में कुल 1,700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि मुंबई के 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं, जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई हैं और वाहनों की जांच की जा रही है।
इन चुनावों में जहां सीएम देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है, वहीं ठाकरे बंधुओं उद्धव और राज की पार्टियों का गठबंधन बीएमसी की सत्ता में वापसी की कोशिश में है। सुरक्षित और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए मुंबई में 28 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुंबई में 227 सीटों पर सुचारु रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए 64,375 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मुंबई सहित महाराष्ट्र की 29 मनपाओं में कुल 2,869 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। इनमें कुल 3.48 करोड़ वोटर हैं, जिसमें 1.81 करोड़ पुरुष और 1.66 महिला और 4 हज़ार 596 अन्य वोटर्स शामिल है।









