जिले के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक बेहद ही चौंकाने वाली और दर्दनाक वारदात सामने आई है। महज वीडियो गेम खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद में एक 14 वर्षीय किशोर ने 15 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक और आरोपी के अलग-अलग समुदाय से जुड़े होने के कारण इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक फैजान (15 वर्ष) आर्य नगर कॉलोनी का रहने वाला था और पानी के प्लांट पर मजदूरी करता था। बुधवार को वह घर के पास ही स्थित ‘नाई पूरा’ कॉलोनी में वीडियो गेम खेलने गया था। खेल के दौरान ही वहां मौजूद एक अन्य नाबालिग (14 वर्ष) से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने फैजान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल फैजान को अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के संवेदनशील स्वरूप को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके पिता और चाचा पर वर्ष 2024 में हत्या का मुकदमा दर्ज है, जिसमें आरोपी का पिता फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस अब आरोपी की धरपकड़ के साथ-साथ इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह विवाद केवल गेम तक सीमित था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।














