उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा के पास श्रद्धालुओं से भरी एक अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 3 बच्चे और 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र स्थित कुरोली गांव के रहने वाले राजन के दो वर्षीय पुत्र शुभम का मुंडन संस्कार था। परिवार और रिश्तेदार एक पिकअप बुक करके मुंडन के लिए प्रयागराज संगम गए थे। संगम में संस्कार संपन्न कराने के बाद सभी लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने कड़ा धाम शक्तिपीठ के दर्शन भी किए, लेकिन घर पहुँचने से पहले ही काल ने उन्हें घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, हादसा सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गाड़ी चलाते समय चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे पिकअप बेकाबू होकर सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद की जाएगी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।















