Delhi News: दिल्ली पुलिस ने अशोक विहार इलाके से 18 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 5 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। यह कार्रवाई 27 जून 2025 को उत्तर-पश्चिम जिले की फॉरेनर्स सेल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे हैं और अपनी पहचान छिपाने के लिए ट्रांसजेंडर का रूप धारण कर रहे हैं। 18 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 6 वयस्क और 12 नाबालिग शामिल हैं। इनमें से 5 व्यक्तियों ने ट्रांसजेंडर के रूप में अपनी पहचान छिपाई थी।
स्मार्टफोन भी किए गए बरामद
पुलिस ने इनके पास से 7 स्मार्टफोन बरामद किए, जिनमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल था। इस ऐप का उपयोग ये लोग बांग्लादेश में अपने परिवारों से संपर्क करने के लिए कर रहे थे। पुलिस ने वजीरपुर और अशोक विहार के आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच और निगरानी के बाद यह कार्रवाई की। एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अन्य लोगों का पता चला।
हरियाणा के ईंट भट्ठों में करते थे काम
सभी गिरफ्तार व्यक्तियों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) को सौंप दिया गया है, जहां से उनकी निर्वासन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये लोग हरियाणा के ईंट भट्ठों पर काम करते थे और वहां पुलिस की सख्ती के बाद दिल्ली के वजीरपुर जेजे कॉलोनी में छिपकर रह रहे थे। उनके पास कोई वैध वीजा या यात्रा दस्तावेज नहीं थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान राष्ट्रीय राजधानी में अवैध प्रवासियों की पहचान और निर्वासन के लिए गृह मंत्रालय की व्यापक मुहिम का हिस्सा है। दिल्ली पुलिस ने इस तरह की कार्रवाइयों को और तेज करने का संकल्प लिया है ताकि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।