उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देवा शरीफ दरगाह के बाहर एक हिंदू युवक के साथ कथित बदसलूकी और जबरन तिलक धुलवाने का मामला सामने आया है। यह घटना उस वक्त हुई जब हरीश शर्मा नाम का युवक अपनी मुस्लिम मित्र के साथ दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंचा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, हरीश शर्मा अपनी मुस्लिम पड़ोसन के साथ देवा शरीफ दरगाह गया था। महिला जब अंदर चादर चढ़ाने चली गई, तभी बाहर मौजूद एक दुकानदार ने युवक को कथित तौर पर “ओए पंडित” कहकर रोका और उससे कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने युवक के साथ मारपीट की और जबरन उसका तिलक धुलवा दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार जावेद वारसी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित युवक ने अपनी मुस्लिम पड़ोसन के साथ कोतवाली देवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि देवा थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर देवा शरीफ दरगाह ट्रस्ट ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ट्रस्ट ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि दरगाह हमेशा से आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रही है और इस तरह की घटनाएं उसकी छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
































