उत्तर प्रदेश के कानपुर में HDFC बैंक की महिला कर्मचारी का गाली-गलौज वाला वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब इस विवाद के बीच महिला बैंक कर्मचारी आस्था सिंह खुद कैमरे के सामने आई हैं और वायरल वीडियो को लेकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने दावा किया है कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया और साजिश के तहत वायरल किया गया है।
आस्था सिंह के मुताबिक, वायरल वीडियो 6 जनवरी 2026 का है। उन्होंने कहा कि वीडियो में जिस व्यक्ति से उनकी बहस दिख रही है, वह कोई बैंक ग्राहक नहीं बल्कि उनकी सहकर्मी रितु त्रिपाठी के पति थे। आस्था के अनुसार, उस दिन रितु त्रिपाठी नौकरी छोड़कर रिलीविंग लेने बैंक आई थीं और शाम तक उनका रिलीविंग प्रोसेस पूरा भी कर दिया गया था।
आस्था सिंह के मुताबिक, दोपहर में रितु त्रिपाठी की ननद बैंक आई थीं और सुबह से बैंक में बैठी थीं। दोपहर के दौरान आस्था और रितु की ननद के बीच तेज बहस हुई। शाम को रितु के पति बैंक पहुंचे और उन्होंने “गर्मी शांत करने” की बात कही। इसी बात पर आस्था भड़क गईं और विवाद बढ़ गया। आस्था का कहना है कि वायरल वीडियो में पूरे घटनाक्रम का सिर्फ एक हिस्सा दिखाया गया है।
वायरल वीडियो में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर आस्था सिंह ने माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने गुस्से में गलत शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका उन्हें अफसोस है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो एकतरफा तरीके से वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
आस्था सिंह ने आरोप लगाया कि घटना पुरानी होने के बावजूद अब जानबूझकर वीडियो वायरल किया गया है। उनका कहना है कि इसके पीछे किसी तरह की साजिश हो सकती है। आस्था सिंह ने कहा कि उन्हें अपनी जाति पर गर्व है और अगर कोई उनसे जाति पूछेगा तो वह इसे छिपाएंगी नहीं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि उन्हें प्रोफेशनल सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए था।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें धमकी दी गई थी और जाति को लेकर टिप्पणी की गई, जिसके बाद वह भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया दे बैठीं।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। कई लोगों ने बैंक कर्मचारी के व्यवहार पर सवाल उठाए थे। फिलहाल इस मामले में बैंक या प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है और वीडियो की पूरी सच्चाई को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।




























