देशभर में आज रामनवमी का पावन पर्व पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर आज अयोध्या नगरी भक्ति के रंग में सराबोर है। नव-निर्मित भव्य मंदिर में रामलला के विराजने के बाद यह पहली रामनवमी है, जिसे लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
आज दोपहर ठीक 12 बजे अयोध्या के राम मंदिर में एक अलौकिक और अद्भुत दृश्य देखने को मिला। ‘सूर्य तिलक’ की तकनीक के जरिए सूर्य की किरणें सीधे भगवान रामलला के मस्तक पर सुशोभित हुईं। करीब 4 मिनट तक सूर्य की किरणों ने रामलला का अभिषेक किया। इस भव्य और वैज्ञानिक चमत्कार को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दिव्य पल को लाइव देखा। अपनी चुनावी व्यस्तताओं के बीच, असम के नलबाड़ी में एक जनसभा के बाद पीएम मोदी ने टैबलेट पर रामलला के सूर्य तिलक का सीधा प्रसारण देखा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि नलबाड़ी की सभा के बाद मुझे रामलला के सूर्य तिलक को देखने का सौभाग्य मिला। करोड़ों भारतीयों की तरह, यह मेरे लिए भी एक बहुत ही भावुक क्षण है। अयोध्या की यह भव्य रामनवमी ऐतिहासिक है। यह सूर्य तिलक हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा लाए।
रामनवमी के इस खास मौके पर अयोध्या में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। सरयू नदी में स्नान के बाद भक्त कतारों में लगकर अपने आराध्य के दर्शन कर रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और लाइटों से सजाया गया है, और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।















