राजधानी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के सिर और रीढ़ की हड्डी पर गैस सिलेंडर से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात 29 मार्च की देर रात पुल प्रहलादपुर स्थित DDA आवास में हुई। आरोपी की पहचान सुरेश के रूप में हुई है, जिसने अपनी पत्नी पूनम पर जानलेवा हमला किया। पड़ोसियों के अनुसार, सुरेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
एक बुजुर्ग पड़ोसी ने बताया कि रात के समय अचानक महिला के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। वह मदद के लिए ‘बचाओ-बचाओ’ पुकार रही थी। जब लोग पहली मंजिल पर स्थित उनके घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी मशक्कत और मकान मालिक को बुलाने के बाद जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सबकी रूह कांप गई।
पूनम की लाश फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी और पास ही वह गैस सिलेंडर गिरा था जिससे उस पर हमला किया गया था। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी पति अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची को गोद में लिए वहीं बैठा था।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सुरेश को हिरासत में ले लिया है और पूनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
इस पूरी घटना में सबसे दुखद पहलू उनकी डेढ़ साल की बेटी है, जिसे फिलहाल पड़ोसियों ने अपने पास रखा है। पुलिस अब महिला के रिश्तेदारों का इंतजार कर रही है ताकि बच्ची को उन्हें सौंपा जा सके। बताया जा रहा है कि यह परिवार इस इलाके में महज एक महीने पहले ही रहने आया था।















