बिहार के नालंदा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मंगलवार की सुबह दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 10 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कई महिलाएं राजधानी पटना की रहने वाली हैं। आशंका जताई जा रही है कि हताहतों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
आज नालंदा के लिए बड़ा दिन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राजगीर पहुंच रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पूरे जिले की पुलिस और प्रशासन को VIP ड्यूटी में लगाने के कारण मंदिर की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की अनदेखी की गई?
बताया जा रहा है कि मंगलवार होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा था। भीड़ अत्यधिक थी और कतारबद्ध करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसी बीच अचानक किसी कारणवश अफरा-तफरी मची और भगदड़ शुरू हो गई। लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए भागने लगे। सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया।
फिलहाल प्रशासन ने अधिकारिक रूप से मौतों की संख्या की पुष्टि नहीं की है। एसडीएम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। पूरे जिले में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सुरक्षा में चूक का असली जिम्मेदार कौन है।















