राजधानी दिल्ली के आईटीओ इलाके में स्थित विकास मार्ग पर शिक्षा मंत्रालय के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर कार्यालय में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया।
दिल्ली फायर विभाग के अनुसार, उन्हें विकास मार्ग स्थित शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय की दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और पूरे परिसर की जांच की जा रही है।
आग की इस घटना के बाद दमकल विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आग को पूरी तरह नियंत्रित करने का प्रयास जारी है। साथ ही आग किन कारणों से लगी यह भी पता नहीं चल है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।