मालवीय नगर में हुए अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इन 21 लोगों में से 12 विदेशी नागरिक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तक इस हादसे पर दुख जाहिर कर चुकी हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस फिलहाल लवकेश से पूछताछ कर रही है। दिल्ली सरकार ने इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय ने बताया कि दिल्ली अग्निकांड में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं और संपत्ति के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पूरे शहर में अवैध संपत्तियों, बिना अनुमति वाले गेस्ट हाउस और आग से सुरक्षा के नियमों तथा बिल्डिंग बाय-लॉ का उल्लंघन करके चल रहे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। ऐसी जगहों को सील कर दिया जाएगा और कानून के अनुसार उन पर मुकदमा चलाया जाएगा। इस दुखद घटना के लिए जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मालवीय नगर अग्निकांड में मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुधिरजा ने बताया। उन्होंने कहा कि 8 घायल वेंटिलेटर पर हैं, उनका इलाज चल रहा है। वेंटिलेटर पर जो मरीज हैं उनमें से अधिकांश को स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है। अधिकांश लोगों को मामूली बर्न्स हैं, गहरे बर्न्स नहीं हैं।
5 मरीज स्थिर थे और मामूली चोटों के साथ यहां आए थे जिनका प्राथमिक इलाज करके उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। सभी घायलों को दो-तीन तरह की चोटें आई हैं, पहली स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है। दूसरा बर्न्स और तीसरा हड्डी की चोट क्योंकि कई लोगों ने बताया है कि वह बचाव के समय ऊपर से कूद गए थे। (मैक्स अस्पताल में) जिन 18 मरीजों की मौत हुई है उनमें 9 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं।