दिल्ली के मालवीय नगर के बाद अब बिहार में भीषण आग लगी है. बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार तड़के एक प्राइवेट अस्पताल में आग लगने से हाहाकार मच गया. मुजफ्फरपुर जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग लगी है. यह आग सुबह करीब 3 बजे लगी है. अस्पताल के पांचवें तल्ले पर आईसीयू में यह आग लगी है. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. आग लगने से अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है. हालांकि, प्रशासन ने अभी 4 मौतों की ही पुष्टि की है. इस अग्निकांड में 15 से ज्यादा लोग जख्मी हैं. फिलहाल, आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रसाद अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया. माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन में दमकल विभाग की टीमें जुटी हैं. स्थानीय पुलिस से लेकर जिला प्रशासन के लोग वहां मौजूद हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. आईसीयू में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार सुनाई देने लगी. अस्पताल कर्मियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन धुआं तेजी से पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. जब तक बचाव का काम होता, तब तक कई लोगों की जान चली गई थी.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं. घायलों को आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.