पटना कोचिंग फायरिंग विवाद में मुश्किलों से घिरे फैसल खान उर्फ खान सर ने कोर्ट का रास्ता तय कर लिया है. वो अपने वकीलों के साथ पटना सिविल कोर्ट पहुंचे हैं. माना जा रहा है कि कोर्ट में खान सर के सरेंडर किए जाने के बाद उनके वकील जमानत की याचिका दाखिल करेंगे. मालूम हो कि FIR के 24 घंटे बाद भी खान सर की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर पुलिस पर सवाल उठ रहे थे. यह भी सवाल उठ रहे थे कि एफआईआर के खान सर कहां गायब हो गए. इस बीच खान सर अब से थोड़ी देर पहले सरेंडर करने सिविल कोर्ट पहुंच चुके हैं. वो पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर करेंगे. जिसके बाद उनके वकील जमानत की याचिका दाखिल कर सकते हैं.
खान सर के गार्ड ने दिया बयान
खान सर पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. खान सर के गार्ड्स ने पुलिस को बयान दिया कि उन्होंने हमें कहा तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे. उनके गार्ड का दिया हुआ यह बयान उनके खिलाफ केस को मजबूत करता है. इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की है.
कोचिंग के बाहर स्टूडेंट्स की भीड़
जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश शुरू हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीती रात पुलिस की 5 गाड़ियां अलग-अलग समय पर खान सर की कोचिंग में पहुंची. लेकिन हर समय कोचिंग सेंटर के बाहर स्टूडेंट्स की भीड़ जुटी रही. पुलिस इन छात्रों से वहां से हटने की अपील भी करती रही. लेकिन छात्र रातभर कोचिंग के बाहर बैठे रहे.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा विवाद मंगलवार (2 जून) की रात को शुरू हुआ, जब 15-20 लोगों के एक अज्ञात समूह ने पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट’ के परिसर पर हमला कर दिया. हमलावरों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और पथराव भी किया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कोचिंग के दो गार्ड कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे थे. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने गुरुवार को दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया था.