8 जून से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी एलर्ट मोड में है। पुर्वोत्तर रेलवे की ओर से गोरखपुर-लखनऊ के बीच 10 जून तक दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने की तैयार कर ली गई है। स्टेशन पर पुलिस हेल्प डेस्क, अतिरिक्त टिकट काउंटर बना दिए गए हैं।
दो विशेष ट्रेनों का संचालन
सिपाही भर्ती में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ जं. के बीच पहली परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन 7 जून से शुरू कर दिया है, जो कि 10 जून तक संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 05031 गोरखपुर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष गोरखपुर से 19.00 बजे चलकर कर लखनऊ जं. 100.55 बजे पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी सं0 05032 लखनऊ जं. से 18.15 बजे चल कर गोरखपुर 23.55 बजे पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 05005/05006 गोरखपुर-लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष 08 से 10 जून तक चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 05005 गोरखपुर से 13.30 बजे चल कर लखनऊ जं. 18.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05006 लखनऊ जं. से 13.30 बजे चल कर गोरखपुर 18.50 बजे पहुंचेगी। जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि दोनों ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 कोच लगाए गए हैं। स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जिससे कि परीक्षार्थियों को टिकट लेने में परेशानी न हो।
रेलवे पुलिस ने की तैयारी
जीआरपी थाना चारबाग प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी दी जाएगी। कोई भी समस्या आने पर परीक्षार्थी बेहिचक जीआरपी की मदद ले सकते हैं। लखनऊ जंक्शन आरपीएफ थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की भीड़ से यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए ट्रेनों के आवागमन के समय अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे।
