खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर के कोचिंग सेंटर पर अब बंद होने की तलवार लटकने लगी है। एक तरफ जहां आपराधिक मामले में केस दर्ज होने के बाद से खान सर लापता हैं, वहीं दूसरी तरफ बिहार फायर सर्विस की जांच में उनके संस्थान में अग्निशमन मानकों की भारी अनदेखी पकड़ी गई है। फायर सर्विस के डीआईजी मनोज कुमार नट ने कहा कि अगर निर्धारित 15 दिनों के भीतर सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया गया, तो संस्थान को बंद करने की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अग्निशमन विभाग के डीआईजी ने बताया कि कोचिंग संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में पूर्व में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के साथ मिलकर खान सर के संस्थान की संयुक्त जांच की गई थी। उस दौरान हुए सुरक्षा ऑडिट में कई गंभीर कमियां पाई गई थीं, जिसके बाद संस्थान को आधिकारिक नोटिस जारी किया गया था। अगर तय समय सीमा में इन मानकों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो विभाग आगे की सख्त कार्रवाई के लिए तैयार है।
देश की राजधानी दिल्ली और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हुए भीषण अग्निकांडों के बाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पटना में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। कंकड़बाग का एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, राजेंद्र नगर का आरोग्य वरदान और पिनाकल अस्पताल, अशोक नगर का श्यामा ट्रस्ट और एपेक्स अस्पताल सील करने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले पटना के तीन बड़े होटलों को भी सील करने का निर्देश जारी हुआ है।
