यूपी में 10% बिजली महंगी होने पर भड़के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा

उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और पिछले दिनों 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज बढ़ाए जाने की खबरों के बाद अब ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और UPPCL चेयरमैन आशीष गोयल के बीच खुली टकराहट सामने आ गई है. बिजली मंत्री ने अपने अधिकारी से चिट्ठी लिखकर पूछा है-मुझसे पूछे बिना बिजली के दाम कैसे बढ़ाये? उन्होंने कहा कि मेरे विभाग के फैसले मुझे टीवी न्यूज चैनल से पता चलते हैं. बिना बताए मुख्यालय से कहां गायब रहते हो.

इससे तो लग रहा है कि यूपी में ऊर्जा मंत्री और उनके विभाग के बड़े अधिकारी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने चिट्ठी के जरिए यूपीपीसीएल के चेयरमैन आशीष गोयल से कड़े सवाल पूछे हैं. बिजली महंगी करने को लेकर ऊर्जा मंत्री ने पूछा कि उनकी जानकारी के बिना फ्यूल सरचार्ज के नाम पर बिजली का बिल बढ़ाने का फरमान जारी कैसे कर दिया.

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने यूपीपीसीएल चेयरमैन आशीष गोयल से पूछा है कि क्या आपको मुझसे पूछना भी सही नहीं लगा? मंत्री का दावा है कि बिजली का बिल बढ़ने की जानकारी उन्हें टीवी चैनल्स से मिली. उन्होंने आशीष गोयल पर बिना बताए गायब रहने का भी आरोप लगाया है. इस चिट्ठी में मंत्री ने दावा किया है कि बिजली विभाग में काम के लोगों की जानबूझकर छंटनी की जा रही है.

दरअसल यूपी में फ्यूल सरचार्ज के नाम पर 10 प्रतिशत बिजली के रेट बढ़ाने का आदेश जारी हुआ था. सवाल मंत्री एके शर्मा से हुए तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया. इसके बाद उन्होंने 2 जून को एक चिट्ठी लिखकर सीधा आशीष गोयल पर सवाल खड़े कर दिए. मंत्री और अधिकारी के बीच की ये चिट्ठी तब तो बाहर नहीं आई लेकिन अब ये चिट्ठी बाहर आने के बाद इसकी खूब चर्चा है.

यूपी में पिछले महीने बिजली संकट की वजह से हाहाकार मचा था. देश में सबसे ज्यादा बिजली की खपत के बीच लगभग हर ज़िले से बिजली कटौती की खबरें सामने आने लगीं. खुद मंत्री एके शर्मा और यहां तक की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगे आकर हालात संभालने पड़े. यूपी में बिजली खपत लगभग 32,000 मेगावॉट तक जा चुकी है. इसके बीच फिलहाल स्थिति ठीक है लेकिन मंत्री और अधिकारी की टकराहट से ऐसा लग रहा जैसे विभाग के अंदर सब ठीक नहीं है.

Scroll to Top