15 दिन बाद कैमरे के सामने आए बृजभूषण सिंह, अफवाहों पर लगाया विराम

उत्तर प्रदेश स्थित कैसरगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह 15 दिनों तक गोंडा से बाहर थे. इसको लेकर काफी चर्चाएं थीं. अब इस पर भारतीय जनता पार्टी के नेता ने खुद बड़ा दावा किया है. 15 दिनों तक गोंडा से गायब रहने पर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘2023 में कुछ वर्ल्ड चैंपियन पहलवानों ने रायता फैलाया था. वही रायता समेटन में समय लग रहा है.’

इसके साथ ही पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार के प्रधानमंत्री का 12 साल का कार्यकाल पूरा करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है. इसलिए, मैं प्रधानमंत्री मोदी और सरकार को बधाई देना चाहता हूं.

इसके साथ ही पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जब तक राहुल गांधी सांसद रहेंगे तब तक बीजेपी को कोई परेशानी नहीं आने वाली है. यह कोई पहली बार नहीं है जब पूर्व सांसद ने राहुल गांधी को लेकर उन्होंने ऐसा बोला है. इससे पहले भी वह राहुल गांधी पर तंज कस चुके हैं. एक बार पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा था कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का जिस तरह का बर्ताव है, वे कभी भी देश के पीएम नहीं बन सकते हैं.

बता दें कि बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह अपने बेबाक बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं. भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में अभी फंसे हुए हैं. इस मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला नवंबर तक आने की उम्मीद है. इस मामले को लेकर बृजभूषण शरण सिंह का काफी विरोध हुआ था.

Scroll to Top