Delhi Girl Murder Case News : देश की राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में होटल के भीतर एक लड़की की हत्या से सनसनी मच गई है। हत्या के मामले में पुलिस ने सचिन नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सचिन को घटना के 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग के चलते झगड़े के दौरान गला घोंटकर लड़की की हत्या कर दी गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
होटल में मिली लड़की की लाश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि “उसे यह मालूम हो गया था लड़की की किसी और लड़के से शादी होने वाली है। इसी बात को लेकर वह नाराज था, होटल में लड़की को जान से मारने के बाद वह मौके से फरार हो गया।” पुलिस के मुताबिक पहाड़गंज के एक होटल में शनिवार, 7 जून को सचिन और सारिका नाम के कपल ने एक रूम लिया था। उन्होंने शाम 6:00 बजे के करीब होटल के कमरे में पिज्जा ऑर्डर किया। रूम सर्विस ने उनके कमरे में पिज्जा डिलीवर भी किया।”
होटल स्टाफ ने दी हत्या की जानकारी
बाद में होटल स्टाफ ने देखा कि रविवार, 8 जून को सचिन होटल से बाहर अकेले जा रहा था। इसके कुछ देर बाद होटल स्टाफ ने कमरे में जाकर देखा तो कमरे में बने बाथरूम में लड़की की लाश पड़ी हुई थी। जिसके बाद हत्या की सूचना पुलिस को दी गई। पहाड़गंज होटल के एक कर्मचारी ने बताया कि एक जोड़ा रात भर कमरे में रुका था। लेकिन अगली सुबह लड़का बाहर चला गया और लड़की की लाश बाथरूम में पड़ी मिली।
पुलिस कर रही जांच पड़ताल
पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला कि लड़का और लड़की ने 07 जून को शाम 04:15 बजे चेक इन किया था। घटनास्थल पर मौजूद जरूरी साक्ष्य जब्त किए गए, शव को भी पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके। पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच करनी शुरू कर दी है।