नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टर की पिटाई से मचे बवाल का असर पूरे देशभर में देखा जा रहा है। न केवल बंगाल बल्कि देश के अन्य राज्यों के डॉक्टरों ने भी डॉक्टरों की इस हड़ताल का समर्थन किया है। वहीं, अब दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने ममता सरकार को डॉक्टरों की मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम दिया है।
घायल डॉक्टर से मिलने जाएंगी ममता बनर्जी
डॉक्टरों ने ठुकराई ममता की मांग
ममता सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पश्चिम बंगाल सरकार को हड़ताली डॉक्टरों की मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम दिया है। डॉक्टकों की ओर से कहा गया है कि अगर सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो वह एम्स में अनिश्चितकालीन हड़ताल करने पर मजबूर होंगे।
दिल्ली के 18 अस्पतालों में हड़ताल
पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों की इस हड़ताल का असर पूरे देशभर में दिखा है, खासकर राजधानी दिल्ली में। शनिवार को दिल्ली के 14 बड़े अस्पताल समेत 18 अस्पतालों में डॉक्टरों की हड़ताल रहेगी। करीब दस हजार से ज्यादा डॉक्टर्स हड़ताल पर रहेंगे। फेडरेशन ऑफ रेसीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के बैनर के जरिए इन अस्पतालों के डॉक्टरों ने हड़ताल की लिखित सूचना अपने मेडिकल सुपरिटेंडेंट को दे दी गई है।
150 डॉक्टरों ने दिया इस्तीफा
पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टर की पिटाई के बाद अब डॉक्टरों ने इस्तीफे की झड़ी लगा दी है। अभी तक दार्जिलिंग में 27, उत्तर 24 परगना में 18 और NRS कॉलेज में 100 से अधिक डॉक्टर इस्तीफा दे चुके हैं, तो वहीं कोलकाता में 80 से अधिक डॉक्टरों ने इस्तीफे की धमकी दी है।
ममता सरकार बातचीत से मसले को करे हल: कोर्ट
बंगाल में चल रही डॉक्टरों की हड़ताल को सुलझाने के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट ने ममता सरकार को सख्त आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि ममता सरकार हड़ताल कर रहे डॉक्टरों से बातचीत करे और मामले को सुलझाए। इसके साथ ही कोर्ट ने ममता सरकार से पूछा है कि डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।