- जिंदगी की रफ्तार पर लगा ब्रेक
- बेहिसाब बर्फबारी बनी जानलेवा
- कुल्लू में 50 से ज्यादा मार्ग बंद
- एयरपोर्ट से 1000 उड़ानें रद्द
नई दिल्ली- देश ही नहीं विदेशों में भी मौसम लगातार करवट बदल रहा है। दुनियाभर में बर्फबारी (Heavy Snowfall) से हाहाकार मचा हुआ है। देश के कुछ कोने ऐसे भी हैं जहां बेहिसाब बर्फबारी ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। जनवरी का महीना भी खत्म होने वाला है, लेकिन बर्फबारी पर अब तक ब्रेक नहीं लग पाया है। कई जगहों पर ये बर्फबारी जानलेवा बन चुकी है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की बात करें तो यहां पर बर्फबारी (Heavy Snowfall) की वजह से शीतलहर तेज हो गई है। ताजा बर्फबारी के बाद गाड़ियों की आवाजाही बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुल्लू जिला में 50 से ज्यादा मार्ग बंद हो गए हैं। कुल्लू जिले में पलचान घाटी बर्फबारी से पूरी तरह सफेद हो गई है।
पहाड़ों की रानी शिमला में सभी पहाड़ी बर्फबारी के रंग में रंग गए हैं। पेड़ पौधे हरे रंग से सफेद रंग में तबदील हो चुके हैं। बर्फबारी से यहां की तस्वीरें भले ही लुभावनी लग रहीं हो लेकिन इसी बर्फबारी ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। लोगों को सुबह और शाम कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
टिक्कर में भी बर्फबारी की वजह से घाटी बर्फ से पूरी तरह ढक गई है। क्या सड़क क्या पेड़ सब कुछ बर्फ से लद गया है। सड़कें बर्फ से सराबोर हो गई है। आसमान में धुंध और जमीन पर बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही है।
खड़ा पत्थर जैसे पर्यटन स्थलों में खूब बर्फबारी (Heavy Snowfall) हुई, जिससे हिल स्टेशन और भी खूबसूरत नजर आने लगे हैं। लेकिन दूसरी तर्फ इसी बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बर्फबारी से एनएच-पांच पर दोबारा वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। बर्फ के बीच गाड़ियां फंस गई हैं। लोग वाहन छोड़कर चले गए हैं।
वहीं विदेशों में भी बर्फबारी का सितम जारी है। शिकागो में बर्फीले तूफान और खराब मौसम की वजह से सभी एयरपोर्ट से 1000 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इस तूफान की वजह से मिडवेस्ट के बड़े हिस्से में स्कूल, सरकारी कार्यालयों को बंद कर दिया गया
मौसम विभाग की माने तो आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बर्फबारी की वजह से सड़कों की स्थिति खराब होने की चेतावनी जारी की।