नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम स्थान रखने वाले केशव प्रसाद मौर्य का आज जन्मदिन(Keshav Prasad Maurya Birthday) है। उत्तर प्रदेश 2017 लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद उन्हें प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। केशव मौर्य भारतीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से सम्बंधित हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में केशव उत्तर प्रदेश की “फूलपुर” सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर निर्वाचित हुए। इसके पश्चात 19 मार्च 2017 को इन्होंने उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
Keshav Prasad Maurya Birthday: केशव प्रसाद मौर्य का व्यक्तिगत जीवन
केशव प्रसाद मौर्य का जन्म 7 मई सन 1969 को इलाहाबाद के कौशाम्बी जिले के एक छोटे से क्षेत्र सिराथू में हुआ था। वो एक किसान परिवार से आते है। इनके पिता का नाम श्याम लाल मौर्य और माता का नाम धनपति देवी मौर्य है। इनके पिता एक किसान थे। इनका बचपन बहुत कठिन था। किसान परिवार में पैदा हुए केशव प्रसाद मौर्य के बारे में कहा जाता है कि उन्होने संघर्ष के दौर में पढ़ाई के लिए अखबार भी बेचे और चाय की दुकान भी चलाई।
इस दौरान भी माता-पिता के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन निरंतर रूप से करते रहे। वह कभी-कभी सब्जी बेचने पिता के साथ बाजार भी जाते थे। अपने मिलनसार स्वभाव के कारण बाजार में केशव हमेशा लोगों से मिलते-जुलते रहते थे। सन 1985 में केशव का विवाह खुजा ग्राम मौजा अफजलपुरवारी सिराथू विकास खण्ड के गरीब किसान परिवार में हुआ था। इनकी पत्नी श्रीमती राजकुमारी देवी सामान्य गृहिणी हैं।
राजनैतिक करियर
अपने राजनीतिक कैरियर कि शुरुआत में केशव बजरंग दल से जुड़े। इसके पश्चात वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सम्पर्क में आने के बाद विश्व हिन्दू परिषद से भी जुड़े। और करीब 18 साल तक केशव प्रसाद मौर्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के प्रचारक रहे। दोनों संस्थानों में इतना समय बिताने कि वजह से इनके राजनीतिक कैरियर को गहराई मिली। साथ ही श्रीराम जन्म भूमि और गोरक्षा व हिन्दू हित के लिए अनेकों आन्दोलन किया और इसके लिए जेल भी गये।
लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा
लोकसभा चुनाव में लगातार दो हार के साथ इनकी सक्रीय राजनीति की शुरुआत हुई थी. ये हार इन्हें सन 2002 और सन 2007 में मिली, फिर भी इन्होने हार नहीं मानी ये पीछे नहीं हटे केशव प्रसाद मौर्य जनता से जुड़े रहे, उन्होंने लोगों के लिए काम किया और इसके बाद सन 2014 के लोकसभा चुनाव में जनता ने इन्हें जीत का सरताज पहनाया और ये सीरथु विधानसभा क्षेत्र के विधायक बने। 8 अप्रैल 2016 में भारतीय जनता पार्टी ने इन्हें उत्तरप्रदेश राज्य का पार्टी प्रमुख चुना. इन्होने हिंदुत्व और पिछड़े वर्ग के लिए खासा काम किया और इनकी मेहनत को देखते हुए भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इनका सदैव समर्थन भी किया है। केशव प्रसाद मौर्य को 18 मार्च 2017 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। और उन्होंने 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ली।
जनतंत्र टीवी उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देता है और उनके दीर्घायु होने की कामना करता है।