नई दिल्ली: UP Monsoon Session 2021: उत्तर प्रदेश विधान मंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। मानसून सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं। विपक्ष सत्तापक्ष से पूछने के लिए सवालों की झड़ी लेकर तैयार है तो वहीं सत्तापक्ष की तरफ से सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सत्ता पक्ष सत्र के सुचारु रुप से संचालन में पूरा सहयोग करेगा और चर्चा-परिचर्चा के लिए सरकार पूरी गंभीरता और विश्वास के साथ सदन में उपस्थित रहेगी।
यह भी पढ़ें- Taliban in Kabul: लोगों में तालिबान का खौफ, काबुल एयरपोर्ट पर उमड़ी लाखों की भीड़ !
UP Monsoon Session 2021: सरकार के खिलाफ अस्त्र
आज से शुरू होने जा रहे इस सत्र में विपक्ष कोविड प्रबंधन, पंचायत चुनाव के तौर तरीकों के साथ ही प्रदेश में पंचायत चुनाव के तौर तरीकों पर सरकार को घेरेगा। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों से जुड़े मसले, छुट्टा पशुओं की समस्या और कानून व्यवस्था के मुद्दों को सरकार के खिलाफ अस्त्र की तरह इस्तेमाल करेगा। विधानमंडल सत्र 17 से 24 अगस्त तक प्रस्तावित है।
संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान
मानसून सत्र के दौरान विधानसभा की कार्यवाही को सुचारु तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में विधान भवन में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष ने सभी दलीय नेताओं से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि तार्किक, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है। सभी के सहयोग से सदन के सुचारु संचालन का सकारात्मक संदेश जाएगा।
विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा सदन में सार्थक बहस के पक्षधर
विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि वे भी सदन में सार्थक बहस के पक्षधर हैं, लेकिन सदन का सुचारु संचालन सिर्फ विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं है। विपक्षी दल सदन में अपनी बात नियम कायदे के तहत ही रखते हैं लेकिन सरकार को भी आलोचना सुनने का हौसला दिखाना चाहिए। सभी ने सदन के सुचारु संचालन का आश्वासन दिया। नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी की अनुपस्थिति में बैठक में सपा की ओर से नरेंद्र वर्मा, बसपा नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर और अपना दल (एस) की लीना तिवारी मौजूद थीं।
UP Vidhan Sabha Monsoon Session: Tribute To Departed Members | CM Yogi Adityanath |Vidhan Bhawan