जनतंत्र डेस्क Haryana: हरियाणा के झज्जर जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां बहादुरगढ़ में एक तेज रफ्तार ट्रक ने आंदोलनकारी किसान महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें 3 की मौत हुई और तीन गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक तीनों आंदोलनकारी महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की थीं और किसान आंदोलन रोटेशन के तहत अब वे घर निकलने वाली थीं।
बताया जा रहा है हादसा करीब सुबह साढ़े 6 बजे के करीब झज्जर रोड पर हुआ। बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर के पास बैठी हुई थीं, तभी उनके ऊपर एक तेज रफ्तार ट्रक आकर चढ़ गया. इससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीन महिलाओं की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाएं बीते एक साल से किसान आंदोलन में शामिल थीं। आंदोलन में किसान और उनके परिवार के लोग बारी बारी से प्रदर्शन में शामिल होते हैं। आंदोलन में शामिल होने के बाद ये महिलाएं रोटेशन के तहत घर जाने वाली थीं, कि उससे पहले ही ये हादसे का शिकार हो गईं। तीनों महिलाएं पंजाब के मनसा जिले की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है महिलाएं सुबह सुबह ऑटो के इंतजार में डिवाइडर पर बैठी थीं। तभी झज्जर रोड पर फ्लाइओवर के नीचे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।