जनतंत्र डेस्क Malala yousafzai: तालिबान के खिलाफ लड़कियों की पढ़ाई के हक में आवाज उठाने वालीं नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई शादी के बंधन में बंध गई है। 24 साल की उम्र में मलाला ने अपने बचपन के दोस्त ‘असर’ से ब्रिटेन में निकाह कर लिया। अपने निकाह की तस्वीरें मलाला ने सोशल मीडिया पर शेयर की।
ट्विटर पर निकाह की तस्वीरें शेयर करते हुए मलाला ने लिखा कि, आज मेरे जीवन का एक अनमोल दिन है। असर और मैं जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने के लिए शादी के बंधन में बंध गए। हमने बर्मिंघम में अपने घर पर अपने परिवार के साथ एक छोटा सा निकाह समारोह किया। हम आगे की यात्रा के लिए एक साथ चलने के लिए उत्साहित हैं। हमें आपकी शुभकामनाओं की जरूरत है।
जब 15 साल की उम्र में तालिबान से लड़ी
साल 2012 में एक दिन स्कूल जाते समय तालिबानियों ने मलाला के सिर पर गोली मार दी थी। क्योंकि मलाला लड़कियों को ना पढ़ाने वाली तालिबानी सोच के खिलाफ थीं। गंभीर हालत को देखते हुए मलाला को इलाज के लिए ब्रिटेन ले जाया गया। जहां सर्जरी के बाद मलाला की जान बची।
2013 में लिखी आत्मकथा
लड़कियों की पढ़ाई के लिए तालिबान से लड़ने वाली मलाला यूसुफजई पाकिस्तान के स्वात घाटी की रहने वाली हैं। उन्होंने आई एम मलाला नाम से आत्मकथा लिखी। जिसके लिए मलाला को 3 मिलियन डॉलर मिले थे। यह किताब 8 अक्टूबर 2013 को पब्लिश हुई थी।
Padma Shree Award: संतरे बेचने वाले हरेकाला हजब्बा को मिला पद्मश्री सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में खास योगदान
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई
कभी पाकिस्तान के पिछड़े इलाकों में रहने वाली मलाला सर्जरी के बाद अपने परिवार के साथ ब्रिटेन शिफ्ट हो गई। उन्होंने यहां लड़कियों की सहायता के लिए मलाला फंड नाम से चैरिटी शुरू की। मलाला ने 2020 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन पूरा किया।
सबसे कम उम्र में जीता नोबेल
साल 2014 में मलाला को शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया। उनके साथ बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले भारत के कैलाश सत्यार्थी को भी यह अवॉर्ड मिला था। मलाला यूसुफजई के नाम सबसे कम उम्र में ये अवॉर्ड पाने का रिकॉर्ड है। उस वक्त उनकी उम्र 17 साल थी।
जब शादी पर दिए बयान से हुआ विवाद
एक मशहूर मैगजीन को दिए इंटरव्यू में मलाला ने शादी को गैरजरूरी बता दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं नहीं समझ पा रही हूं कि लोग शादी क्यों करते हैं। अगर आपको जीवनसाथी चाहिए तो आप शादी के कागजों पर साइन क्यों करते हैं, यह केवल एक पार्टनरशिप क्यों नहीं हो सकती है? मलाला के इस बयान पर इतना विवाद हुआ कि उनके पिता जियाउद्दीन यूसुफजई को सफाई देनी पड़ी थी।