जनतंत्र डेस्क, UP: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की तेज तर्रार नेता अदिति सिंह बीजेपी में शामिल हो गई है। अदिति रायबरेली की सदर सीट से विधायक हैं। बीजेपी में जाने के संकेत अदिति ने कई दिनों पहले ही दे दिए थे। जब उन्होंने कई मुद्दों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों का समर्थन किया। अदिति सिंह कई दिनों से कांग्रेस पर लगातार हमलावर थीं।
अदिति सिंह के बागी होने के बाद कयास थे कि वे जल्द बीजेपी ज्वॉइन करने वाली हैं। आखिरकार अटकलों और कयासों को विराम देते हुए उन्होंने बीजेपी का दामन थाम ही लिया। यूपी बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव की मौजूदगी में अदिति सिंह पार्टी ने लखनऊ में बीजेपी की हो गईं। कई मौकों पर अदिति सिंह ने खुलकर सीएम योगी का समर्थन करते हुए कहा था कि, वे योगी की टीम में शामिल होना चाहती हैं।
प्रियंका की आलोचना, बीजेपी का समर्थन
पिछले काफी समय से अदिति सिंह कांग्रेस पार्टी की रणनीति से अलग बयानबाजी करती दिखाई दीं। हाल ही की बात करें तो प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान पर अदिति ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि, प्रियंका की नीयत में खोट है। वहीं इसके उलट वे बीजेपी की तारीफ करती हुई नजर आईं।
कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
चुनावों से पहले जहां प्रियंका गांधी यूपी में अपनी जमीन मजबूत कर रही है। वहीं, कांग्रेस की चर्चित महिला नेता का इस तरह बीजेपी का दामन थाम लेना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। कुछ दिनों पहले ही प्रियंका गांधी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं पर अपना ध्यान केंद्रित करेगी और 40 फीसदी टिकट महिलाओं को दिए जाएंगे। लेकिन पार्टी से महिलाएं खुद ही किनारा करती जा रही हैं।