जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: सिंगापुर की संसद में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की खूब सराहना हुई। सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लूंग ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का जिक्र करते हुए उनकी तारीफ की। अब इसे लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है।
मैंने बोला कम, काम ज्यादा किया, मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली- पूर्व PM डॉ मनमोहन सिंह
सिंगापुर के पीएम का वीडियो आते ही कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हल्ला बोल दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर लिखा कि सिंगापुर के पीएम नेहरू का जिक्र करते हुए ये बताते हैं कि लोकतंत्र को कैसे काम करना चाहिए। जबकि हमारे पीएम नेहरू को संसद के अंदर और बाहर बदनाम करते हैं।
दरअसल, सिंगापुर की संसद में वर्कर्स पार्टी के पूर्व सांसद रईस खान पर झूठ बोलने के आरोप पर शिकायत को लेकर विशेषाधिकार समिति में बहस चल रही थी। इस दौरान सिंगापुर के पीएम ने कहा कि चीजें काफी जोश से शुरू होती हैं। नेता, जिन्होंने लड़ाई लड़ी और आजादी हासिल की, वे अक़्सर साहस, संस्कृति और बेजोड़ क्षमता वाले असाधारण व्यक्ति होते हैं। वे कठिन परिस्थितियों से होकर गुजरते हैं और देश के नेता के रूप में उभरते हैं। इस दौरान सिंगापुर के पीएम ने जवाहर लाल नेहरू और इसराइल के संस्थापक माने जाने वाले डेविड बेन गुरियन का नाम लिया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि सिंगापुर के पीएम ली सेन लूंग और नरेंद्र मोदी में यही अंतर है। दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘’सिंगापुर के पीएम अपने देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, जबकि मोदी हमारे देश को झूठे वादों की सवारी करा रहे हैं। मोदी कितनी भी कोशिश कर लें, पंडित नेहरू अमर रहेंगे और आधुनिक भारत के निर्माता बने रहेंगे।‘’
गुरुवार को ही एक वीडियो संदेश में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने भी मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि वो अपनी नाकामी छिपाने के लिए जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है।