जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: देश के 5 राज्यों में हो रहे चुनाव को लेकर पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह ने वीडियो संदेश जारी किया। पीएम नरेंद्र मोदी की पंजाब में अबोहर रैली से पहले डॉ मनमोहन सिंह ने वीडियो जारी कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पूर्व पीएम ने कहा कि मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली है। जो अग्रेजों ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चलता है।
चन्नी के ‘यूपी के भईया’ वाले बयान पर नीतीश कुमार समेत इन नेताओं ने क्या कहा
डॉ. मनमोहन सिंह ने एक एक कर कई मुद्दों पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा। जिसमें चीन का मुद्दा भी था। पूर्व पीएम ने कहा कि एक साल से चीनी फौज भारत की पवित्र जमीन पर बैठी है। इस सरकार को संविधान पर भरोसा नहीं है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। सरकार देश के अंदर ही नहीं बल्कि विदेश नीति के मोर्चे पर भी फेल हुई है।
पूर्व पीएम के वीडियो की मुख्य बातें
महंगाई पर घेरा
डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि आज देश की स्थिति चिंताजनक है। कोरोना के दौर में केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण एक तरफ अर्थव्यवस्था गिरी है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। दूसरी तरफ 7 साल सरकार चलाने के बाद भी केंद्र सरकार गलतियों को नहीं मान रही। वह लोगों की समस्याओं के लिए पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
मैंने कम बोला और काम ज्यादा किया। मैं मानता हूं कि पीएम के पद का एक खास महत्व होता है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। पीएम के तौर पर काम कर मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा। कभी सच पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की।
पूर्व पीएम ने कहा कि चीनी कब्जे की बात को दबाया जा रहा है। चीन की फौज पिछले एक साल से हमारी पवित्र धरती पर बैठी है। इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पुराने दोस्त हमसे टूट रहे हैं। पड़ोसी देशों से भी हमारे संबंध बिगड़ रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि सत्ताधारियों को समझ आ गई होगी कि जबरन गले लगने, घुमाने या बिना बुलाने बिरयानी खाने पहुंचने से देश के रिश्ते नहीं सुधर सकते। सरकार को यह भी समझ लेना चाहिए कि अपनी सूरत बदलने से सीरत नहीं बदलती। सच हमेशा सामने आ ही जाता है।
डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि चुनावी माहौल में पंजाब की जनता के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनका मुकाबला ठीक तरीके से करना जरूरी है। कांग्रेस ही पंजाब में किसानों की खुशहाली और बेरोजगारी को दूर कर सकती है। पंजाब के वोटरों को इस बात का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
चुनावी राज्यों में प्रचार की इच्छा, डॉक्टरों ने किया मना
पूर्व पीएम ने बताया कि मेरी बड़ी इच्छा थी कि मैं पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर के भाई-बहनों के साथ देश और राज्य के हालात के बारे में चर्चा करूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह की वजह से इसी तरह संबोधित कर रहे हैं।
पीएम की सुरक्षा चूक पर बोले
डॉं. सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले पंजाब की सुरक्षा के नाम पर पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी और यहां के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई। जिसे किसी भी तरह से ठीक नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में पंजाबियों को बदनाम किया है। जिन पंजाबियों की दिलेरी, बहादुरी, देशभक्ति और कुर्बानी को पूरी दुनिया सलाम करती है। उनके बारे में क्या कुछ नहीं कहा गया। पंजाब की धरती पर पैदा हुए एक सच्चे देशवासी के नाते मुझे इससे बहुत दुख हुआ।
पूर्व पीएम ने कहा कि मौजूद सरकार को आर्थिकता की कोई समझ नहीं है। गलत नीतियों की वजह से देश आर्थिक मंदहाली की जकड़ में फंस गया है। किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और औरतें परेशान हैं। देश के अन्नदाता दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं। देश में सामाजिक असमानता बढ़ गई है। लोगों पर कर्जा बढ़ रहा और कमाई घट रही है। अमीर और अमीर हो रहे और गरीब और गरीब हो रहे हैं। सरकार आंकड़ों के साथ धोखा कर सब कुछ ठीक बता रही है। सरकार की नीति और नीयत में खोट है।
लोगों को बांट रही बीजेपी
सरकार अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही है। उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। केंद्र सरकार बांटो और राज करो की राजनीति पर चल रही है।