जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे बिहार के पूर्व सांसद डॉक्टर आरके राणा का निधन हो गया। दिल्ली स्थित एम्स में राणा ने अंतिम सांस ली। आरके राणा के निधन की जानकारी उनके बेटे अमित राणा ने दी।
चारा घोटाले के पांचवे मामले में लालू यादव दोषी करार, 139 करोड़ की अवैध निकासी से जुड़ा केस
बताया जा रहा है मंगलवार को पूर्व सांसद आरके राणा की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। जिसके बाद वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। बाद में उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया लेकिन बुधवार को उनका निधन हो गया। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
एयर एंबुलेंस से लाए गए थे दिल्ली
आरके राणा की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया था। यहां इलाज शुरू होने के 24 घंटे के भीतर ही मल्टी ऑर्गन फैल्योर के कारण बुधवार की दोपहर उनकी मौत हो गई। राणा चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में दोषी थे और सजा काट रहे थे। सीबीआई की विशेष अदालत ने डॉक्टर आरके राणा को 5 साल की कैद और 60 लाख जुर्माने की सजा सुनाई थी।