जनतंत्र डेस्क, रामपुर: भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव “निरहुआ” को भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी दिनेश लाल यादव को भाजपा ने आजमगढ़ सीट से उतारा था। हालांकि वो चुनाव हार गए थे। पार्टी ने रामपुर सीट से भी प्रत्याशी का नाम तय कर दिया है। रामपुर से बीजेपी का चेहरा घनश्याम लोधी होंगे। बता दें कि आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव और रामपुर सीट आजम खान के लोकसभा सदस्य पद से इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
शुक्रवार को निरहुआ ने अपनी दावेदारी के लिए ट्विटर पोस्ट भी किया था। इस पोस्टर के माध्यम से दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि जाति धरम न कवनो भरम, न कौवनौ मनबढ़ के लिए, कमल का बटन दबईह भैय्या, अपने आजमगढ़ के लिए। इस तरह के स्लोगन के जरिए निरहुआ ने बाहुबलियों की तरफ इशारा करते हुए उपचुनाव में जिले की जनता से भाजपा को जिताने की अपील की थी।
गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सीट से दिनेश लाल यादव को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हराया था। इससे पहले 2014 में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत यादव इस सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से चुनाव हारे थे।