अयोध्या में राम मंदिर के दान और चढ़ावे में हुए कथित गबन के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस बीच, विशेष जांच दल (SIT) की जारी जांच को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान सामने आया है। आज शुक्रवार को अयोध्या पहुंचने से पहले सीएम योगी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी कोई भी हो, वो बचेगा नहीं। उन्होंने जनता और नेताओं से अपील की है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस मामले में बेवजह की बयानबाज़ी न की जाए।
’15 दिन का इंतजार कर लो, चिंता मत करो’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, बचेगा नहीं। आप लोग बस 15 दिन का इंतजार कर लो, चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास इस मामले से जुड़े कोई दस्तावेजी सबूत (Documentary Proof) हैं, तो वे कृपया उसे एसआईटी को सौंप दें। जांच टीम दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी।
चरित्र हनन और अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश बंद हो
सीएम योगी ने भावुक और कड़े शब्दों में कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अयोध्या का विकास हो। उन्होंने अपील की, “SIT की रिपोर्ट आने तक कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्पणी और बातें न करे, जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करती हों। बयानबाज़ी से जांच प्रभावित होती है। बिना वजह किसी का चरित्र हनन न करें और न ही अयोध्या को बदनाम करें। हमने यह जांच राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर ही बिठाई है।”
“माफियाओं की कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले आज हमें उपदेश न दें। ये लोग कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्या को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिले।” — सीएम योगी आदित्यनाथ
सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला: ‘ये लोग बाबर की पूजा करने वाले हैं’
विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज कह रहे हैं कि राम भक्तों का अपमान हुआ है, उनका इतिहास पूरा देश जानता है।
सीएम योगी ने याद दिलाते हुए कहा, “कारसेवकों पर गोली चलाने वाले लोग आज हमें उपदेश देने चले हैं। अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए इन लोगों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। एक दौर था जब यहाँ ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने पर लाठियां चलती थीं। कांग्रेस ने तो भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा कर दिया था।” उन्होंने आगे कहा कि हमारे पूर्वजों ने राम मंदिर के लिए 500 सालों तक लंबा संघर्ष किया है, इसलिए राम भक्त किसी के बहकावे में न आएं।
