Delhi News : देश की राजधानी दिल्ली के कालकाजी में शनिवार, 21 जून को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया है। यहां फायरिंग के दौरान 22 साल के एक युवक को गोली लग गई। यह घटना कालका जी के डीडीए फ्लैट्स इलाके में हुई। गोलीबारी की घटना से लोगों के बीच दहशत का माहौल है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि “दिल्ली में अपराध अपने चरम पर है।”
गोलीबारी में घायल हुआ एक युवक
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस गोलीबारी के घटना की जांच कर रही है। ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और गोलीबारी के पीछे का मकसद पता लगाया जा सके। गोलीबारी में घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक कालकाजी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डीडीए फ्लैट्स क्षेत्र में गोलीबारी की घटना में घायल हुए व्यक्ति का नाम मानव है।
सौरभ भारद्वाज ने साधा भाजपा पर निशाना
आप की राज्य इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज कहा “बीजेपी की चार इंजन वाली सरकार के तहत, दिल्ली में अपराध अपने चरम पर है। हमने पहले कभी कालकाजी में ऐसा कुछ होते नहीं देखा। अभी कुछ महीने पहले, एक सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई थी, और आज, एक आदमी को गोली मार दी गई। मुझे बताया गया है कि युवाओं का एक समूह छत पर बैठा था, तभी उनमें से एक की गर्दन में गोली लग गई। उसकी हालत गंभीर है और वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।”

















