Delhi News : दिल्ली में एक बार फिर अकबर रोड (Akbar Road) के नाम बदलने को लेकर सियासत तेज हो गई है। गौ रक्षा दल और हिंदू रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अकबर रोड के बोर्ड पर कालिख पोत दी। साथ ही उन्होंने इस मार्ग छत्रपति संभाजी महाराज मार्ग बताने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान एक पोस्टर भी लगाया गया था, जिसमें मुगलों को लेकर कई विवादित बातें लिखी हुई थी।
अकबर-बाबर बोर्ड पर पोती गई कालिख
बता दें कि, इन पोस्टर्स में फिल्म ‘छावा’ का जिक्र किया गया है। जिसमें औरंगजेब की बर्बरता को दिखाया गया है। लेकिन इस घटना में मुग़ल शासक अकबर को निशाना बनाया गया है। इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए गौ रक्षा दल के दक्ष चौधरी ने एक प्राइवेट न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा “मौजूदा सरकार ने एक बार भी यह नहीं सोचा कि लुटेरों के नाम हमारी सड़कों पर क्यों हैं? अकबर ने धर्मांतरण करवाया था। हमें तलवार के दम पर सलवार नहीं पहनी है।”
“हमने ही बोर्ड पर कालिख पोती” – विजय राज
वहीं घटना में शामिल हिंदू रक्षा दल के विजय राज ने कहा “हमने ही बोर्ड पर कालिख पोती है, तो इसमें क्या दिक्कत है? अकबर का नाम हटाने में सरकार को क्या समस्या होनी चाहिए? हम पर अगर कार्रवाई होगी, तो योगी जी पर भी होनी चाहिए।” दिल्ली में सड़कों का नाम बदलने को लेकर विवाद पहले भी हो चुका है। . बाबर और हुमायूं रोड पर भी हिंदूवादी संगठनों के लोग कालिख पोत चुके हैं।