नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर राष्ट्रपति भवन कार्यालय द्वारा विज्ञप्ति जारी कर दी गयी है। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कलराज मिश्र अब राजस्थान के राज्यपाल होंगे। कलराज मिश्र अब तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का कार्यभार संभाल रहे थे। उनकी जगह अब बंडारू दत्तात्रेय को हिमाचल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
महाराष्ट्र के राज्यपाल का पदभार भगत सिंह कोश्यारी को सौंपा गया है, जबकि आरिफ मोहम्मद खान को केरल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। डॉक्टर तमिलिसाई सुंदरराजन को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पदभार संभालने के दिन से ये विज्ञप्ति प्रभावी होगी।
कौन हैं कलराज मिश्र ?
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पूर्णकालिक प्रचारक रह चुके मिश्र राज्यपाल बनने से पहले पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान हरियाणा भाजपा के प्रभारी थे। उससे पहले वह 2010 से 2012 तक प्रदेश भाजपा के भी प्रभारी रह चुके हैं। वहीं, केद्र व यूपी सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी रहे। यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहने के अलावा वह तीन बार राज्यसभा सांसद और एक बार देवरिया से लोकसभा सदस्य भी रहे। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से वह विधायक भी रह चुके हैं। मिश्र भाजयुमो के पहले निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।