नई दिल्ली: कैबिनेट मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई और बिहार के समस्तीपुर से सांसद रामचंद्र पासवान का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने रविवार दोपहर को अंतिम सांस ली।
बता दें कि रामचंद्र पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के वरिष्ठ नेता थे। रामचंद्र पासवान का पार्थिव शरीर अस्पताल से उनके दिल्ली आवास राजेन्द्र प्रसाद रोड ले जाया जाएगा। चिराग पासवान ने अपने चाचा रामचंद्र के निधन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामचंद्र पासवान के निधन पर शोक प्रकट किया है।
आप सभी को बड़े दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा की मेरे चाचा जी आदरणीय श्री रामचंद्र पासवान जी अब नहीं रहे।आज 1:24pm पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल नई दिल्ली में उन्होंने आख़िरी साँस ली। pic.twitter.com/doZizAHPlg
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) July 21, 2019
Shri Ram Chandra Paswan Ji worked tirelessly for the poor and downtrodden. At every forum he spoke unequivocally for the rights of farmers and youngsters. His social service efforts were noteworthy. Pained by his demise. Condolences to his family and supporters. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 21, 2019
बताया जा रहा है कि रामचंद्र पासवान को दिल्ली स्थित आवास पर सीने में दर्द उठा। इसके बाद उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
दूसरी बार समस्तीपुर से बने सांसद
जानकारी के लिए बता दें कि रामचंद्र समस्तीपुर लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद बने थे। 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक कुमार को हराया था।