नई दिल्ली : रूस दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने आज रूस स्थित व्लादिवस्तोक में ईस्टर्न इकॉनमिक फोरम को संबोधित किया। बता दें कि ईस्टर्न इकॉनमिक फोरम के लिए पीएम मोदी को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। वहीँ अपने संबोधन में एक बारे फिर पीएम मोदी ने भारत और रूस के रिश्तों को नए आयाम देने की अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की और विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों द्वारा एक साथ मिलकर काम करने की बात कही।
ईस्टर्न इकॉनमिक फोरम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसमें शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने कहा कि आज का हमारा मंथन केवल फार ईस्ट नहीं बल्कि पूरी मानवजाति के कल्याण के प्रयासों को नई उर्जा और गति देगा। पीएम ने कहा कि इस महत्वपूर्ण अवसर का मुझे हिस्सा बनाने के लिए मैं अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का आभारी हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन का Far East के प्रति लगाव और विजन केवल इस क्षेत्र के लिए ही नहीं, अपितु भारत जैसे रूस के पार्टनर्स के लिए अभूतपूर्व अवसर लेकर आया है। पीएम ने कहा कि भारत उनकी दूरदर्शी यात्रा में रूस के साथ चलना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारत में भी हम सबका साथ – सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ एक नए भारत के निर्माण में जुटें हैं। साल 2024 तक भारत को 5 ट्रिलियन Economy बनाने के अभियान में भी हम जी-जान से जुटे हैं।