नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश के रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह का निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। मंगलवार की सुबह उन्होंने लखनऊ के पीजीआई में अंतिम सांस ली।
अदिति के पिता अखिलेश सिंह रायबरेली सदर सीट से पांच बार विधायक रहे हैं। अब उनकी बेटी इस सीट से कांग्रेस विधायक है। बता दें कि राकेश पांडेय हत्याकांड के बाद अखिलेश सिंह को कांग्रेस से बाहर निकाल दिया गया था। इसके बाद भी कई बार निर्दलीय विधायक चुने गए।
वह काफी दबंग नेता माने जाते थे। अखिलेश सिंह पहली बार 1993 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से वह तीसरी बार 14वीं विधानसभा के सदस्य चुने गए।
हालांकि, 2003 में कांग्रेस ने उन्हें आपराधिक मामलों के लेकर पार्टी से निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने गांधी परिवार को जमकर कोसा। वहीं, उनकी बेटी ने 2016 में कांग्रेस पार्टी का रुख किया।