नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी शीला दीक्षित का शनिवार को निधन हो गया। शीला दीक्षित लंबे समय से बीमार चल रही थी। उन्होंने दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में 3.55 बजे अंतिम सांस ली। रविवार को 2.30 बजे राजधानी के निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अंतिम संस्कार से पहले सुबह 11.30 बजे उनका पार्थिव शरीर उनकी बहन के घर से कांग्रेस दफ्तर ले जाया जाएगा, जो 12.15 बजे तक पहुंचेगा। यहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी। पार्थिव शरीर को 1.30 बजे तक कांग्रेस दफ्तर में रखा जाएगा। यहां से उनका पार्थिव शरीर निगमबोध घाट ले जाया जाएगा, जहां 2.30 बजे उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
बता दें कि शीला दीक्षित लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। उन्हें एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उन्हें 3 बजकर 5 मिनट पर दिल का दौरा पड़ा और 3.55 बजे पर उनका देहांत हो गया। कांग्रेस की दिग्गज नेता की मौत से राजनीति जगत में शोक की लहर फैल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम बड़े नेता शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।