नीट री-एग्जाम की तारीखों के बीच उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गाजियाबाद में नीट (NEET) एग्जाम की तैयारी कर रहे एक 22 साल के छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. खुदकुशी से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी आत्महत्या की वजह के बारे में जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच में पता चला कि छात्र का नाम जतिन कुमार है और उसके पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं.
बता दें कि पूरी घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है, जहां एक 22 वर्षीय छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन बार-बार मिली असफलताओं ने उसके हौंसले को तोड़ दिया. देर रात छात्र अपने कमरे में पढ़ने के लिए गया. अगली सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई. घबराए परिवारवालों ने जब दरवाजा खोलकर देखा, तो छात्र का शव फंसे से लटका मिला.
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने जांच में छात्र का मोबाइल बरामद किया, जिसमें उसने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. वीडियो में छात्र ने बताया कि उसने बार-बार NEET एग्जाम क्रैक करने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में है. इसलिए वह ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर है. वीडियो में छात्र ने साफ किया कि उसकी मौत के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, छात्र जतिन के पिता खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और अभी सहारनपुर में तैनात हैं. वहीं वह अपनी मां और एक छोटी बहन के साथ गाजियाबाद में रहता था. परिजनों ने बताया कि उन्होंने जतिन पर पढ़ाई को लेकर कोई दबाव नहीं बनाया था. वहीं पुलिस एसीपी उपासना पांडेय ने मामले को लेकर जानकारी दी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.