नई दिल्ली: Covid-19: कोरोना वायरस (Covid-19) का संक्रमण पूरे एशिया में फिर से बढ़ने लगा है। कोरोना का डेल्टा वेरिएंट विश्व के कई देशो में भी तेजी से फैल रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी देते हुए कहा कि डेल्टा वेरिएंट 100 से अधिक देशों में फैल गया है। थाईलैंड और मलेशिया जैसे देशों में जहां पहले कोरोना के बहुत कम मामले सामने आए थे वहां अब तेजी से यह बीमारी फैलने लगी है। भारत में भी कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं रोजाना 40 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। वियतनाम जैसे देश जहां पहले कोरोना के प्रसार पर बहुत हद तक काबू पा लिया गया था वहां भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
Covid-19: कोरोना के डेल्टा वेरिएंट को लेकर दुनिया अलर्ट
ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में 90 प्रतिशत में डेल्टा वेरिएंट जिम्मेदार है। डेल्टा वेरिएंट ने ना सिर्फ ब्रिटेन बल्कि दुनिया के कई मुल्कों में फिर से हालात बिगाड़ना शुरू कर दिया है। कई मुल्कों में हालात बिगड़ने की आशंका प्रबल होती जा रही है। चिंता की सबसे बड़ी बात ये है कि वैक्सीन के 2 डोज लगवाने वाले भी इसकी चपेट में हैं। लिहाजा अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने डेल्टा वेरिएंट से बढ़ते संक्रमण पर चिंता जताई है।
यह भी पढ़ें- Jammu kashmir news: न सरकारी नौकरी, न पासपोर्ट वेरिफिकेशन, पत्थरबाजों पर कड़ा एक्शन
(Covid-19) चीन की हालत
चीन के वुहान में इसका सबसे पहला मामला मिला था जिसके बाद यहां लोगों को घरों में बंद करने के अलावा कई सख्त पाबंदियां लागू कर दी गई थीं। हालांकि, अब चीन के नानजिंग शहर में एक बार फिर से कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है और स्थानीय मीडिया के मुताबिक यहां हालात वुहान से भी बदतर हो गए हैं। वायरस नानजिंग से निकलकर चीन के पांच प्रांतों और बीजिंग तक पहुंच गया है। डेल्टा वेरिएंट को इसके लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। नानजियांग शहर में डेल्टा वेरिएंट के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं।
जापान की हालत
जापान में लगभग 12 हजार कोरोना के केस रोजाना आ रहे हैं। जापान ने ओलंपिक गेम के मद्देनजर बाहरी लोगों के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। जापान के ओलंपिक संगठन का कहना है कि गेम से जुड़े व्यक्तियों और पर्यटन के लिए आने वाले व्यक्तियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जापानी अधिकारियों ने बताया कि खेल गांव के आस-पास किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है। महामारी के बीच सुरक्षित ओलंपिक का आयोजन करने के उद्येश्य से जो नियम बनाए गए हैं उनका उल्लंघन करने के आरोप में जॉर्जिया के एक रजत पदक विजेता सहित छह लोगों को जापान से निर्वासित कर दिया गया है।
वियतनाम की हालत
वियतनाम में भी स्थिति खराब होने लगी है। सोमवार से वियतनाम में आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। व्यापारिक शहर हो ची मिन्ह और 18 अन्य शहरों में अगले दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है. शनिवार को वियतनाम में कोरोना के 8624 नए मामले सामने आए हैं।