जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: रूस का यूक्रेन पर हमला जारी है 15 दिन से ज्यादा हो गए हैं रूस की बमबारी गोलीबारी रूकी नहीं है। यूक्रेन की ओर से वीडियो जारी किया गया है जिसमें बच्चों के अस्पताल के बाहर मलबा दिख रहा है। रूस ने मारीउपोल शहर में बच्चों के अस्पताल पर हवाई हमले किए हैं। रूस के इस बर्बर हमले की हर ओर निंदा हो रही है।
Ukraine Crisis: मां ने हाथ पर लिख दिए नंबर, 1100 किमी दूर अकेले सफर कर स्लोवाकिया बॉर्डर पहुंचा बच्चा
यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि मारिउपोल शहर के बच्चों के अस्पताल पर हवाई हमला किया गया है। जिसमें एक ऐसी महिला घायल हो गई जो बच्चे को जन्म दे रही थी। अमेरिका ने रूस के इस हमले की निंदा की है। यूक्रेन का आरोप है कि युद्धविराम के बाद भी रूस ने ये हमला किया।
अमेरिका ने इस हमले को वहशियाना बताया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, “एक संप्रभु देश के आम नागरिकों पर इस तरह फौज का वहशियाना इस्तेमाल देखना भयावह है।”
रूस ने क्या कहा
रूस का कहना है कि यूक्रेन की सेना ने मरीजों समेत सभी आम नागरिकों को अस्पताल से निकालकर दूसरी जगह पहुंचा दिया था और इस इमारत में मोर्चेबंदी कर रखी थी। रूस का कहना है कि रूसी फौजें नागरिक ठिकानों पर हमला नहीं करतीं हैं।
यूक्रेन के विदेश मंत्रलाय की ओर से शेयर वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन मंजिला इमारत के परिसर में मलबा पड़ा है। खिड़कियां टूटी हुई हैं और एक बड़ा सा गड्ढा दिखाई दे रहा है। डोनेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने दावा किया कि अस्पताल पर हमले में 17 लोग घायल हो गए। शहर की काउंसिल का कहना है कि इमारत पर कई बार हवाई हमले किए गए।