Uddhav Thackeray : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना (UBT) को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद उद्धव ठाकरे गट में काफी बेचैनी भी नजर आ रही है। कई नेता अपने भविष्य को लेकर चिंता में हैं। इस बीच एक ऐसी खबर सामने आई जिसने ठाकरे गुट में हलचल मचा दी है। खबर आ रही है कि उद्धव गुट के छह सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं।
उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ेंगे 6 सांसद
जानकारी के मुताबिक ठाकरे गुट के छह सांसद शिंदे गुट के लगातार संपर्क में हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के जरिए ठाकरे गुट के 9 में से 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक इस अभियान को पूरा करने की कवायद तेजी से चल रही है।
शिंदे गुट में जल्द होंगे शामिल
इन दिनों ‘ऑपरेशन टाइगर’ महाराष्ट्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। दल-बदल विरोधी कानून की वजह से 6 सासंदों की संख्या जुटाने के लिए सांसदों से बातचीत की जा रही थी। अगर इस कानून से बचना था तो 6 सांसदों को अलग होना था। वर्ण उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती थी। इस कानून से बचने के लिए 6 सांसदों की संख्या महत्वपूर्ण थी। इसी वजह से सांसदों को मनाने में काफी समय लग रहा था।
बीजेपी कर रही शिंदे का समर्थन
इस बीच माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना 6 सांसदों को मनाने में सफल हो गई है। यह सांसद शिंदे गुट में शामिल होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस मामले में बीजेपी भी शिंदे का समर्थन कर रही है। यह सांसद शिंदे गुट में शामिल होने के लिए इसलिए मान गए क्योंकि कई सांसद अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। वह अगले 5 साल तक एक मजबूत संगठन का हिस्सा बना चाहते हैं।